सिडकुल स्थित एक मेटल प्लांट में चोरी का अनोखा मामला सामने आया है, जहां फैक्ट्री में काम करने वाला एक हेल्पर 170 ग्राम चांदी का टुकड़ा मुंह में छिपाकर बाहर ले जाने की कोशिश कर रहा था। गेट पर नियमित चेकिंग के दौरान सतर्क सिक्योरिटी स्टाफ ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
माधोपुर मुड़ियां, आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) निवासी रजनीश पाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह पंतनगर सिडकुल सेक्टर-14 स्थित मेटल प्लांट में सिक्योरिटी हेड के पद पर तैनात हैं। गुरुवार शाम शिफ्ट समाप्त होने के बाद फैक्ट्री गेट पर कर्मचारियों की तलाशी ली जा रही थी। इसी दौरान सिक्योरिटी आफिसर मान सिंह ने हेल्पर अरविंद कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी ग्राम बकेनिया जैतिपुर, जिला शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) की जांच की।
तलाशी के दौरान अरविंद के मुंह से लगभग 70 हजार रुपये कीमत का 170 ग्राम चांदी का टुकड़ा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने चांदी चोरी कर ले जाने की बात स्वीकार की। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची सिडकुल चौकी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष पंतनगर नंदन सिंह रावत ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा और मामले की जांच जारी है।



