कॉलेज की छात्रा का सनसनीखेज आरोप, कथित नेटवर्क पर युवतियों को फंसाने, धमकाने और लालच देकर गलत गतिविधियों में धकेलने का दावा, पुलिस जांच में

Share the news

रुद्रपुर। क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित कॉलेज की एक छात्रा ने हस्तलिखित पत्रों के माध्यम से एक कथित संगठित नेटवर्क का खुलासा करने का आरोप लगाया है। छात्रा के अनुसार, यह नेटवर्क कॉलेज व आसपास के इलाकों में पढ़ने वाली युवतियों को बहला-फुसलाकर गलत गतिविधियों में धकेलने का प्रयास करता है। पीड़िता ने अपनी ही एक सहपाठी पर हनीट्रैप और लालच देकर फंसाने का आरोप लगाया है, जबकि सभी व्यक्तियों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।

छात्रा का आरोप है कि उसे धोखे से दूसरे जिले ले जाकर संदिग्ध लोगों से मिलवाया गया, जहां कथित तौर पर युवतियों को इस नेटवर्क से जोड़ने के बदले मोटी रकम का लालच दिया गया। जब उसने इनकार किया, तो उसे धमकियां मिलने का आरोप भी पत्रों में दर्ज है। पीड़िता का कहना है कि अज्ञात नंबरों से कॉल कर निजी वीडियो वायरल करने और नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई।

पत्रों में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ दुकानें और कोचिंग संस्थान इस नेटवर्क के लिए संपर्क बिंदु के रूप में इस्तेमाल किए जाते हैं। छात्रा ने प्रशासन से मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, डिजिटल लेनदेन और अन्य साक्ष्यों की जांच की मांग की है।

इन पत्रों के सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है और तथ्य सामने आने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *