ग्रीन पार्क में भीषण अग्निकांड: खाली मकान में लगी आग से 40 लाख का नुकसान, फर्नीचर, कपड़े व कीमती सामान जलकर राख, शॉर्ट सर्किट की आशंका

ग्रीन पार्क क्षेत्र में शनिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक आवासीय फ्लैट में अचानक भीषण आग लग गई। आग की इस घटना में घर में रखा लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय घर में कोई भी मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रीन पार्क डिबडिया स्थित एफ-68 फ्लैट सरोज ग्रोवर पत्नी स्वर्गीय विजय ग्रोवर का है। शनिवार दोपहर सरोज ग्रोवर अपने पुत्र हर्षित ग्रोवर के साथ दुकान पर गई हुई थीं। घर पूरी तरह बंद था। इसी दौरान अचानक घर से धुआं उठने लगा, जिसे देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

पड़ोसियों ने तत्काल सरोज ग्रोवर को फोन पर सूचना देने के साथ ही दमकल विभाग को भी आग लगने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही सरोज ग्रोवर और उनका पुत्र आनन-फानन में घर पहुंचे, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और पूरे घर में फैल चुकी थी।

मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखा फर्नीचर, सोफा, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य कीमती घरेलू वस्तुएं पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुकी थीं। आग की लपटों और धुएं के कारण आसपास के घरों में भी दहशत का माहौल बन गया।

पीड़ित महिला के अनुसार इस अग्निकांड में लगभग 40 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। दमकल विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।