रुद्रपुर।
शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ एवं संत शिरोमणि गुरु रविदास अखाड़ा भारत (रजि.) ने सामाजिक व धार्मिक नेतृत्व पर झूठे आरोप लगाए जाने को लेकर कड़ा ऐतराज जताया है। संगठन का आरोप है कि पूर्व विधायक सुरेश कुमार राठौर एवं उनकी पत्नी उर्मिला राठौर द्वारा सोशल मीडिया और अन्य सार्वजनिक प्लेटफॉर्म पर अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष श्री दुष्यत कुमार गौतम की सामाजिक छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से भ्रामक व मिथ्या बयान दिए जा रहे हैं।
महापीठ की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि श्री दुष्यत कुमार गौतम रविदासी समाज के प्रतिष्ठित सिरमौर हैं और उनके विरुद्ध फैलाई जा रही झूठी खबरें एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा हैं। आरोप लगाया गया कि रविदास पीठ में वर्चस्व स्थापित करने की मंशा से व्यक्तिगत रंजिश के तहत यह दुष्प्रचार किया जा रहा है, जिससे रविदासी समाज एवं अनुसूचित जाति समुदाय की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है।
संगठन ने यह भी कहा कि इस प्रकार के झूठे और अनर्गल आरोपों के चलते समाज में वैमनस्य का माहौल बन रहा है और लाखों अनुयायियों में रोष व्याप्त है। महापीठ ने प्रशासन से मांग की है कि सोशल मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्म पर प्रसारित भ्रामक खबरों एवं वीडियो पर तत्काल रोक लगाई जाए।
शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ और संत शिरोमणि गुरु रविदास अखाड़ा भारत ने संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधि सम्मत सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि समाज में शांति और सौहार्द बना रह सके।



