बताते चलें कि सोमवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे किच्छा हाईवे पर एक दंपत्ति अपने बच्चों के साथ पैदल जा रहा था। इसी दौरान पारिवारिक विवाद के चलते पति-पत्नी के बीच हाईवे पर ही कहासुनी शुरू हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि आवेश में आकर पति ने अचानक डिवाइडर फांद दिया और हाईवे के दूसरे किनारे पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक के आगे छलांग लगा दी।
घटना को देख ट्रक चालक ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन इसके बावजूद युवक ट्रक के अगले टायर की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पत्नी और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर मौके से गुजर रहे राहगीर लालपुर निवासी सूरज कुमार तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और पुलिस व 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को टुक-टुक वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



