हरिद्वार जिले में देहरादून से पहुंची विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वतखोरी के आरोप में खंड शिक्षा अधिकारी और एक प्रधानाध्यापक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 40 वाहिनी पीएसी के पुलिस मॉडर्न स्कूल की मान्यता नवीनीकरण से जुड़े मामले में की गई।
विजिलेंस से मिली जानकारी के अनुसार बहादराबाद में तैनात खंड शिक्षा अधिकारी बृजपाल सिंह राठौर पर स्कूल की मान्यता के नवीनीकरण प्रमाण पत्र जारी करने के एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायतकर्ता ने इसकी शिकायत विजिलेंस से की थी। प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद विजिलेंस टीम ने रोशनाबाद स्थित खंड शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में जाल बिछाया और रिश्वत लेते हुए बृजपाल सिंह राठौर को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि इस मामले में मंगोलपुर श्यामपुर स्थित सरकारी स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक एवं ब्लॉक रिसोर्स पर्सन मुकेश को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि मुकेश बिचौलिये की भूमिका निभा रहा था और शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग उसी के माध्यम से की गई थी। विजिलेंस का कहना है कि मुकेश खंड शिक्षा अधिकारी के लिए ही काम करता था और इस पूरे रिश्वतखोरी के धंधे में शामिल था।
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम दोनों आरोपियों को लेकर देहरादून रवाना हो गई है, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि गिरफ्तार खंड शिक्षा अधिकारी की पत्नी पुलिस विभाग में अधिकारी बताई जा रही हैं। विजिलेंस की इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।




