घटनाक्रम….
राजकोट (गुजरात) के कोटदासंगनी तालुका स्थित संधवाया गांव में एक बड़ी और दुखद घटना सामने आई है। श्री रामगर बापू गौसेवा ट्रस्ट की गौशाला में संदिग्ध फूड पॉइजनिंग से पिछले 24 घंटों में 80 से अधिक गायों की मौत हो गई है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, इस गौशाला में 400 से ज्यादा गायों की सेवा की जाती है। शुक्रवार को अचानक बड़ी संख्या में गायों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद एक-एक कर 80 से अधिक गायों की मौत हो गई। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि गायों को दिए गए मूंगफली के छिलके जहरीले साबित हुए, जिससे यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पशुपालन विभाग हरकत में आ गया। राजकोट, गोंडल और कोटदासंगनी से वेटनरी डॉक्टरों की टीमें गौशाला पहुंचीं। फिलहाल 20 से अधिक बीमार गायों का इलाज जारी है और आशंका जताई जा रही है कि मरने वाली गायों की संख्या बढ़ सकती है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला कलेक्टर डॉ. ओम प्रकाश, जिला विकास अधिकारी आनंदू सुरेश गोविंद समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने गौशाला का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि प्रभावित गायों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
वहीं गुजरात के पशुपालन मंत्री जीतूभाई वघानी ने भी घटना पर संज्ञान लिया है। मंत्री के निर्देश पर पशुपालन विभाग की एक हाई-लेवल टीम को मौके पर भेजा गया है, जो पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए है और राहत एवं उपचार कार्यों की निगरानी कर रही है।
मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए गायों के चारे, पानी और अन्य खाद्य सामग्री के सैंपल एकत्र कर राजकोट स्थित एफएसएल भेजे गए हैं। इसके साथ ही पोस्टमॉर्टम समेत अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है। फिलहाल 16 पशु चिकित्सकों की टीमें लगातार इलाज में जुटी हुई हैं, जबकि प्रशासन और राज्य सरकार पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।



