दिल्ली में हुई हालिया घटना के बाद उत्तराखण्ड पुलिस मुख्यालय से मिले निर्देशों के अनुपालन में ऊधम सिंह नगर पुलिस को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
बुधवार, 12 नवम्बर 2025 को जिले के विभिन्न संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनपद के अंतर्राज्यीय व अंतरजनपदीय सीमा बैरियर प्वाइंट्स पर आने-जाने वाले वाहनों और व्यक्तियों की सघन चेकिंग की जा रही है।
पुलिस ने बस अड्डों, होटलों, धर्मशालाओं और बाजारों में निगरानी बढ़ा दी है। बम डिस्पोजल और डॉग स्क्वॉड टीमें लगातार जांच कर रही हैं ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान न दें और बिना सत्यापन के किसी भी सूचना को आगे न बढ़ाएं। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने या डायल 112 पर दें। पुलिस प्रशासन ने जनता को आश्वस्त किया कि जिले में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है।



