रुद्रपुर, संवाददाता
ग्राम लम्बाखेड़ा जाफरपुर निवासी ध्यान सिंह पुत्र स्वर्गीय फूल सिंह ने रुद्रपुर थाना पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि ग्राम प्रधान चुनाव की रंजिश के चलते विपक्षी पक्ष के लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी।
तहरीर के अनुसार, प्रार्थी का भाई विक्रम सिंह पूर्व प्रधान रह चुका है और वर्ष 2025 में ग्राम प्रधान पद का दावेदार था। उसके विपक्ष में दिलशाद नाम का व्यक्ति भी उम्मीदवार था। इसी चुनावी प्रतिद्वंद्विता के कारण दिलशाद और उसके परिवारजन, मोनिस, मुराद अली, मुबारक अली आदि लोग प्रार्थी के परिवार से रंजिश रखने लगे।
ध्यान सिंह ने बताया कि 21 सितंबर 2025 की सुबह करीब 7:15 बजे जब वे जाफरपुर मोड़ स्थित बालाजी रेस्टोरेंट के पास थे, तभी क्रेटा कार (UK06BD4869) से मोनिस पुत्र नबी हुसैन और साजिम पुत्र शरीफ हुसैन पहुंचे। वाहन से उतरते ही दोनों ने बिना किसी कारण उन्हें गालियां दीं और धमकाने लगे।
इसी दौरान आबिद हुसैन पुत्र हसन अली भी मौके पर पहुंचा और कहा कि “चुनाव में तू और तेरा परिवार बहुत बना, अब गांव में रहने नहीं देंगे।” इसके बाद मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई।
प्रार्थी ने तत्काल अपने भाई राम सिंह को फोन कर सूचना दी। थोड़ी देर बाद मोनिस ने फोन कर अन्य साथियों को बुला लिया। इसके बाद स्कॉर्पियो (UK06BJ9998) और अन्य वाहनों से करीब 15-20 लोग, जिनमें कयूम, मुराद अली, मुबारक हुसैन, साजिद, सानू, इरशाद उर्फ बटलर आदि शामिल थे, हथियारों से लैस होकर पहुंचे और प्रार्थी व उसके परिवार को धमकाने लगे।
इस दौरान प्रार्थी का भाई राम सिंह, मान सिंह और अन्य परिवारजन मौके पर पहुंचे और ध्यान सिंह को किसी तरह सुरक्षित घर ले गए। आरोप है कि कुछ देर बाद उक्त लोग प्रार्थी के घर भी पहुंच गए, लेकिन उसने दरवाजा बंद कर 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
ध्यान सिंह ने तहरीर में कहा कि आरोपी लगातार उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। घटना की रिकॉर्डिंग पास के कॉर्पोरेट बैंक के सीसीटीवी कैमरों में दर्ज है। साथ ही बताया गया कि साजिद पुत्र शरीफ हुसैन पर पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



