रूद्रपुर। प्रेम विवाह करने वाली युवती सलोनी और उसके पति सुधीर पर युवती के परिजनों ने जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस कार्रवाई न होने से आहत पीड़िता ने अब न्याय की गुहार मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रूद्रपुर के समक्ष लगाई है।
मामले में दायर प्रार्थना पत्र के अनुसार, सलोनी निवासी वार्ड नं.23 रम्पुरा ने 30 अप्रैल 2025 को अपनी स्वेच्छा से सुधीर पुत्र स्व. राजेश से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह किया था। विवाह से नाराज़ उसके पिता ओमप्रकाश, भाई भारत और नीरज, चाचा रामचंद्र तथा चाची रजनी लगातार सलोनी और उसके पति को जान से मारने की धमकियां दे रहे थे।
प्रार्थना पत्र के मुताबिक, 9 जुलाई की शाम करीब 5:30 बजे जब सलोनी का पति सुधीर और ताऊ ससुर विजय कुमार घर के बाहर बैठे थे, तभी सलोनी के पिता और परिजनों ने पहुंचकर गाली-गलौज की और दोनों को जान से मारने की धमकी दी। थोड़ी देर बाद ताऊ ससुर विजय कुमार जब सब्जी लेने बाजार गए, तो रास्ते में विपक्षियों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों, लोहे की रॉड व तलवार से हमला कर दिया। हमला इतना भीषण था कि विजय कुमार लहूलुहान होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें किसी तरह बचाया और पुलिस चौकी रम्पुरा ले जाकर अस्पताल में भर्ती कराया।
सलोनी का आरोप है कि गंभीर घटना की सूचना देने के बावजूद पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देने पर भी नतीजा न निकलने पर उसने न्यायालय की शरण ली है। प्रार्थिनी ने न्यायालय से थाना रूद्रपुर को रिपोर्ट दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
घटना से क्षेत्र में तनाव व्याप्त है, जबकि घायल विजय कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है।



