रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिले के रम्पुरा वार्ड नंबर 23 में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां घरेलू विवाद के चलते एक पति ने अपनी पत्नी पर खौलता हुआ पानी डाल दिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। पीड़िता का उपचार रुद्रपुर के सरकारी अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, रम्पुरा निवासी रामपाल पुत्र बुद्धसेन ने चौकी रम्पुरा में तहरीर देकर बताया कि उसकी पुत्री आशा की शादी लगभग 14 वर्ष पूर्व कुवैर पाल निवासी रम्पुरा वार्ड नंबर 23 से हुई थी। शादी के बाद से ही आशा को उसका पति कुवैर पाल, देवर भानु, ननद सुशमा और भांजा अजय लगातार गाली-गलौच, मारपीट और उत्पीड़न करते थे। परिजन उस पर हर महीने मायके से 10 हजार रुपये लाने का दबाव डालते थे।
रामपाल ने बताया कि 9 अक्टूबर 2025 की सुबह करीब 9 बजे विवाद के दौरान कुवैर पाल ने अपने परिजनों के उकसावे में आकर उसकी पुत्री आशा के ऊपर उबलता हुआ पानी फेंक दिया। इस घटना में आशा गर्दन से नीचे तक गंभीर रूप से झुलस गई, यहां तक कि उसके शरीर के निजी अंग भी जल गए। आरोप है कि घटना के बाद पीड़िता को तीन दिन तक कमरे में बंद रखकर डराया और धमकाया गया कि अगर रिपोर्ट दर्ज कराई तो जान से मार देंगे।
घटना की जानकारी तब मिली जब रामपाल की बहू आरती मौके पर पहुंची और उसने घायल आशा को देखा। इसके बाद परिवार ने उसे तत्काल रुद्रपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
फिलहाल पीड़िता अस्पताल में भर्ती है और पुलिस ने मामले की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच चौकी रम्पुरा प्रभारी के निर्देशन में की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



