रानीखेत। राजकीय इंटर कॉलेज जैना में शिक्षक पवन कुमार और महिला बीएड प्रशिक्षु के कथित प्रेम संबंधों के मामले में मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेय सयाना ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों को विद्यालय से हटा दिया है। आरोपी शिक्षक को फिलहाल कार्यमुक्त कर अटैच करने की तैयारी की जा रही है।
मामला सोमवार को तब उजागर हुआ जब शिक्षक की पत्नी राजेंद्री अपने पिता के साथ विद्यालय पहुंची और पति पर महिला प्रशिक्षु के साथ अवैध संबंध होने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई। घटना के गंभीर होने पर मंगलवार को अभिभावक संघ, विद्यालय प्रबंधन समिति और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि दो दिन में शिक्षक का स्थानांतरण नहीं हुआ तो आंदोलन और विद्यालय बहिष्कार किया जाएगा।
अभिभावक समिति और जांच रिपोर्ट के आधार पर सीईओ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शिक्षक और महिला प्रशिक्षु को विद्यालय से हटा दिया। विद्यालय प्रबंधन ने शिक्षा विभाग से भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए शिक्षकों की गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखने का आग्रह किया।
विशेषज्ञ और अभिभावक इस कार्रवाई को पर्याप्त मानते हुए सवाल उठा रहे हैं कि क्या केवल अटैच और स्थानांतरण जैसी हल्की कार्रवाई शिक्षा तंत्र की साख और बच्चों के आदर्श शिक्षकों के उदाहरण पर उचित है।



