रूद्रपुर। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने रम्पुरा चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार कोहली, एएसआई अमित कुमार और कांस्टेबल गणेश धानिक को पुनः बहाल कर दिया है। कुछ दिन पूर्व लापरवाही उजागर होने पर तीनों को निलंबित कर दिया गया था। लेकिन निलंबन के बावजूद तीनों पुलिसकर्मी एसएसपी के समक्ष पहुंचे और स्वयं को आरोपितों की गिरफ्तारी अभियान में शामिल करने का आग्रह किया।
एसएसपी के आदेश पर तीनों को पुलिस टीम में शामिल किया गया, जिसके बाद उन्होंने आरोपितों की धरपकड़ में सक्रिय योगदान दिया। शुक्रवार को टीम ने ब्लॉक रोड और किच्छा रोड से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। वहीं शनिवार देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ में वांछित अपराधी गगन रतनपुरिया की गिरफ्तारी में भी उनकी भूमिका निर्णायक रही।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता सर्वोपरि है। तीनों पुलिसकर्मियों ने अपनी निष्ठा और कार्यकुशलता से भरोसा फिर से जीता है। उनके अहम योगदान को देखते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबन आदेश वापस ले लिया गया और उन्हें बहाल कर दिया गया है।




