काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण: महापौर ने सीएम धामी से की व्यापारियों को राहत देने की मांग

Share the news

रुद्रपुर। काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण के मुद्दे पर नगर निगम महापौर विकास शर्मा ने खटीमा स्थित कैंप कार्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर व्यापारियों की समस्याओं को उठाया। महापौर ने बताया कि चौड़ीकरण से जाम की समस्या जरूर दूर होगी, लेकिन इसके दायरे में आने वाले व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। कई सालों से कारोबार कर रहे व्यापारी विस्थापन की कगार पर हैं।

 

महापौर ने कहा कि व्यापारी चौड़ीकरण के विरोधी नहीं हैं, परंतु त्यौहारों से ठीक पहले कार्रवाई से उनकी रोजी-रोटी पर संकट आ जाएगा। दशहरा, दिवाली, करवाचौथ और गुरुपर्व जैसे बड़े पर्व आने वाले हैं और व्यापारियों को इनसे कारोबार की उम्मीद है। ऐसे समय अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से उनकी आर्थिक स्थिति और बिगड़ जाएगी।

 

उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि फिलहाल त्यौहारों तक चौड़ीकरण स्थगित किया जाए, प्रस्तावित चौड़ाई 22.5 मीटर से घटाकर कम की जाए और विस्थापित व्यापारियों के पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित हो। मुख्यमंत्री धामी ने महापौर की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि सरकार विकास कार्यों के साथ जनता की भावनाओं और हितों का भी पूरा ध्यान रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *