दरऊ हत्याकांड को लेकर गिरफ्तारी की मांग को एसएसपी कार्यालय पहुंचे पूर्व विधायक 

Share the news

रुद्रपुर। दरऊ गांव में नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान गफ्फार खान के भतीजे आमिल की हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव और आक्रोश लगातार गहराता जा रहा है। मंगलवार को पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने ग्राम प्रधान गफ्फार खान और क्षेत्र पंचायत सदस्य साजिद खान के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा से भेंट कर हत्या कांड की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

राजेश शुक्ला ने कहा कि पंचायत चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से चुनावी रंजिश बढ़ी और उसी द्वेष भावना में आमिल की बेरहमी से हत्या कर दी गई। उन्होंने इस बात पर गहरी नाराजगी जताई कि घटना को 48 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस किसी आरोपी को पकड़ नहीं सकी है, जिससे आम जनता का आक्रोश बढ़ना स्वाभाविक है।

 

प्रत्यक्षदर्शी साजिद खान ने एसएसपी को बताया कि हत्यारों ने न केवल आमिल को मौत के घाट उतारा, बल्कि उन पर भी हमला किया और उनकी गाड़ी पर अंधाधुंध फायरिंग की। उन्होंने कहा कि समय रहते उन्होंने खुद को बचा लिया, वरना उनकी भी हत्या हो सकती थी।

 

इस पर एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने भरोसा दिलाया कि अपराधियों की पहचान हो चुकी है और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द ही आरोपियों को पकड़कर जेल भेजा जाएगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *