गदरपुर। ग्राम अवादनगर में शुक्रवार रात उस समय सनसनी फैल गई जब भाजपा किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष जसवीर सिंह चीमा पर अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर फायरिंग कर दी। घटना देर रात करीब दो बजे की है, जब जसवीर सिंह अपने घर में सो रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक अज्ञात हमलावर ने घर में घुसते ही जसवीर सिंह पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुका था।
घायल अवस्था में जसवीर सिंह को पहले गदरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें काशीपुर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि जसवीर सिंह अपनी पत्नी को जिला पंचायत चुनाव के लिए तैयार कर रहे थे। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।