
उत्तराखंड के चमोली जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जिला आबकारी अधिकारी दुर्गेश्वर कुमार त्रिपाठी रहस्यमयी तरीके से लापता हो गए हैं। इस मामले को लेकर प्रशासन में हड़कंप मच गया है।





पपडियाणा के राजस्व उप निरीक्षक चंद सिंह बुटोला ने इस मामले को लेकर गोपेश्वर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के मुताबिक, दुर्गेश्वर कुमार त्रिपाठी 31 मार्च सुबह 10 बजे से लापता हैं और उनका कोई पता नहीं चल पा रहा है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि त्रिपाठी अपने सरकारी आवास और जिला आबकारी अधिकारी कार्यालय, दोनों ही जगहों से नदारद हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उनकी खोजबीन तेज कर दी है और उनका मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगा दिया गया है।
विनोद चौरसिया, थानाध्यक्ष, गोपेश्वर:
“जिला आबकारी अधिकारी दुर्गेश्वर कुमार त्रिपाठी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उनकी तलाश की जा रही है, मोबाइल नंबर को भी ट्रेस किया जा रहा है।”
दिलचस्प बात यह है कि दो दिन पहले ही चमोली के जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने आबकारी विभाग के कार्यालय का निरीक्षण किया था, जहां त्रिपाठी समेत दो अन्य कर्मचारी भी अनुपस्थित पाए गए थे। इस पर कार्रवाई करते हुए जिलाधिकारी ने त्रिपाठी की सर्विस ब्रेक करने और अन्य कर्मचारियों की वेतन वृद्धि रोकने का आदेश दिया था।
अब सवाल उठता है कि क्या यह गुमशुदगी किसी दबाव का नतीजा है, या फिर इसके पीछे कोई और बड़ी वजह छिपी हुई है? पुलिस और प्रशासन इस रहस्य से पर्दा उठाने की कोशिश में जुटे हुए हैं।
तो यह मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। क्या जल्द ही कोई सुराग मिलेगा, या फिर यह गुमशुदगी और रहस्यमयी होती जाएगी? बने रहिए हमारे साथ, आगे की अपडेट्स के लिए।