कलश यात्रा के दौरान हंगामा, बीजेपी विधायक और पुलिस में टकराव..

Share the news

गाजियाबाद: लोनी में बीजेपी विधायक नंदकिशोर गुर्जर द्वारा आयोजित राम कथा से पहले निकाली जा रही कलश यात्रा को लेकर बड़ा हंगामा हुआ। पुलिस और यात्रा निकाल रहे लोगों के बीच धक्का-मुक्की तक की नौबत आ गई।

बिना अनुमति यात्रा निकालने पर विवाद

बीजेपी विधायक रामचरितमानस को सिर पर रखकर इस यात्रा का नेतृत्व कर रहे थे। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने बिना अनुमति के इस यात्रा को निकालने पर आपत्ति जताई और इसे रोकने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस और विधायक समर्थकों में झड़प हो गई, जिसमें विधायक नंदकिशोर गुर्जर के कपड़े फट गए।

विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने पुलिस के रवैये पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा,

“हम सिर्फ श्रद्धा के साथ कलश यात्रा निकाल रहे थे, लेकिन पुलिस ने जबरन इसे रोका और हमारे साथ बदसलूकी की। मैं यूपी पुलिस को चुनौती देता हूं, चीफ सेक्रेटरी तेरी मां ने दूध पिलाया है, कमिश्नर तेरी मां ने दूध पिलाया है, तो कथा के बाद कहीं भी तय कर लेना। अगर हिम्मत है तो नमाज रोककर दिखा दो।”

लोनी के एसीपी अजय सिंह ने कहा,

“यात्रा के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी। सुबह बातचीत के दौरान भी यह स्पष्ट किया गया था कि अनुमति नहीं है, इसके बावजूद यात्रा निकाली गई। पुलिस प्रशासनिक नियमों की अवहेलना करने और धक्का-मुक्की करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगा।”

इस घटना के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। बीजेपी विधायक और प्रशासन के आमने-सामने आने से यह मामला तूल पकड़ सकता है। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है और कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *