
रुद्रपुर में नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले में आरोपी भाजपा पार्षद के खिलाफ माहौल गरमा गया है। कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।





महिला कांग्रेस की वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष मीना शर्मा ने भाजपा पर पीड़िता को न्याय दिलाने में बाधक बनने का आरोप लगाते हुए कहा, “भाजपा नेता आरोपी पार्षद को संरक्षण दे रहे हैं और मामले को दबाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन कांग्रेस पीड़िता के साथ खड़ी है और उसे न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेगी।”
उन्होंने यह भी घोषणा की कि कांग्रेस जल्द ही महिलाओं के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी करेगी, जिससे पीड़िताओं को तुरंत सहायता मिल सके।
कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन जारी
नगर अध्यक्ष मोनिका ढाली ने कहा कि जो महिला खुद को पार्षद की पत्नी बता रही है, वह वास्तव में किसी और की पत्नी है। उन्होंने भाजपा नेताओं पर गलत कार्य करने वालों को शह देने का आरोप लगाते हुए कहा, “भाजपा के नेता खुद को सर्वश्रेष्ठ मानते हैं, लेकिन उनकी पार्टी में ऐसे लोगों को संरक्षण दिया जा रहा है, जो महिलाओं की सुरक्षा के लिए खतरा हैं।”
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन से आरोपी भाजपा पार्षद की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, भाजपा की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।