सनसनीखेज हत्याकांड: कांग्रेस कार्यकर्ता की बेरहमी से हत्या, सूटकेस में मिला शव

रोहतक। कांग्रेस की सक्रिय कार्यकर्ता हिमानी नरवाल (30) की निर्मम हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह करीब 11 बजे सांपला बस अड्डे के पास सड़क किनारे एक नीले रंग के सूटकेस में उसका शव बरामद हुआ। हिमानी हरियाणवी पोशाक में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के बाद चर्चा में आई थी।

सूटकेस में मिली लाश, शरीर पर चोट के निशान

शव की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि पहले उसे बुरी तरह पीटा गया, फिर चुनरी से गला घोंटकर हत्या की गई। शव मरोड़कर सूटकेस में ठूंसा गया था, जिससे उसकी कई हड्डियां टूटी मिलीं। उसके होंठों पर खून लगा था और चेहरा नीला पड़ चुका था।

घर पर ताला, परिवार ने की पुष्टि

पुलिस ने शव की पहचान के लिए जांच शुरू की तो पता चला कि हिमानी रोहतक के विजय नगर की रहने वाली थी। पुलिस जब उसके घर पहुंची तो वहां ताला लटका मिला। देर शाम परिजनों ने शव देखकर पुष्टि की कि यह हिमानी का ही है।

सोशल मीडिया पर एक्टिव थी हिमानी

हिमानी डिजिटल क्रिएटर के तौर पर काम कर रही थी और कांग्रेस की हर गतिविधि में सक्रिय रूप से भाग लेती थी। हाल ही में वह निकाय चुनाव में भी जुटी हुई थी।

हत्या की जांच के लिए SIT गठित करने की मांग

रोहतक से कांग्रेस विधायक भारत भूषण बतरा ने इस हत्याकांड पर गहरा दुख जताते हुए प्रशासन से SIT गठित कर त्वरित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि तीन दिन पहले हिमानी उनसे मिलने आई थी और पूरी तरह खुश नजर आ रही थी।

हत्या के कारणों की गहराई से जांच जारी

  • शव के पास एक काले रंग की चुनरी मिली है, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
  • हाथों में मेहंदी और सूट पहने मिली थी, जिससे किसी खास आयोजन का संकेत मिलता है।
  • मोबाइल फोन गायब है, जिससे पुलिस को शक है कि सबूत मिटाने की कोशिश की गई है।
  • पुलिस ने कहा कि हर एंगल से जांच की जा रही है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पोस्टमार्टम के बाद होगा खुलासा

रविवार को पोस्टमार्टम होगा, जिसके बाद मौत के सही कारणों का पता चलेगा। पुलिस ने कहा कि परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

– निरीक्षक बिजेंद्र, प्रभारी, सांपला थाना