*”बिलासपुर और रुद्रपुर सिटी रेलवे स्टेशनों के बीच रेल पटरी पर रखा लोहे का खंभा”, 2 आरोपी गिरफ्तार।*

Share the news

उत्तर प्रदेश के रामपुर में कथित तौर पर ट्रेन पलटाने की साजिश का खुलासा हुआ है. मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दरअसल, यहां कुछ दिनों पहले रेलवे ट्रैक पर बिजली का पोल रखा मिला था. ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका था. गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ. इसी के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी.

इस कड़ी में बीते दिन जीआरपी रामपुर और स्थानीय पुलिस ने इस घटना का खुलासा किया और बताया कि बिलासपुर थाना क्षेत्र निवासी दो युवकों सनी उर्फ संदीप चौहान और बिजेंद्र उर्फ टिंकू को गिरफ्तार किया गया है. दोनों ही नशेड़ी हैं और नशे में उन्होंने एक बिजली के पोल को चुराने की कोशिश की. मगर जब वो पोल लेकर ट्रैक पार कर रहे थे, तभी सामने से ट्रेन आ गई. ऐसे में वे पोल को ट्रैक पर ही छोड़कर भाग खड़े हुए.

पुलिस ने ट्रेन पलटाने की साजिश वाले एंगल को खारिज किया है. साथ ही कहा कि उनका किसी संगठन से कोई संबंध नहीं है. हालांकि, सनी के खिलाफ बिलासपुर थाने में दर्जन भर मामले दर्ज हैं, जबकि बिजेंद्र के खिलाफ एक मामला दर्ज है. फिलहाल, आरोपी सनी और टिंकू को जेल भेज दिया गया है.

गौरतलब हो कि बीते 18 सितंबर की रात को बिलासपुर और रुद्रपुर सिटी रेलवे स्टेशनों के बीच रेल पटरी पर करीब 6 मीटर लंबा लोहे का खंभा पड़ा मिला था. ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक ली थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया था.

अधिकारी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान पता चला कि सनी और टिंकू अक्सर वहां शराब पीने जाते थे. घटना वाले दिन भी उन्होंने रेल की पटरी के पास शराब पी और वहीं पास में पड़े एक लोहे के पोल को चुराकर ले जा रहे थे. जमीन ऊबड़-खाबड़ थी और सनी- टिंकू काफी नशे में थे. जब वे खंभा ले जा रहे थे, उसी समय उन्हें ट्रेन का हॉर्न सुनाई दिया, जिसके बाद वे खंभे को वहीं छोड़कर भाग गए. उनका इरादा ट्रेन पलटाने का नहीं था. लेकिन उनकी इस हरकत से बड़ा हो सकता था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *