31 लाख की ठगी का खेल बेनकाब, फर्जी HR बनकर आरोपी ने सिक्योरिटी एजेंसी को लगाया चूना, भुगतान के नाम पर रचा सुनियोजित धोखाधड़ी का जाल, SSP से कार्रवाई की मांग

Share the news

रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर),

शहर में एक बड़े ठगी के मामले ने हड़कंप मचा दिया है। सिक्योरिटी एवं लेबर सप्लाई का कार्य करने वाले अजय प्रताप सिंह ने एक व्यक्ति पर करीब 31 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।

प्रार्थी अजय प्रताप सिंह, निवासी ग्राम दानपुर, रुद्रपुर ने बताया कि उनका कार्यालय “क्वालिफाइड सिक्योरिटी एंड प्लेसमेंट सर्विसेज” पीएसए प्लाजा, रुद्रपुर में संचालित है। जनवरी 2024 में उनकी मुलाकात रूप कुमार सिंह नामक व्यक्ति से हुई, जिसने खुद को गुरुग्राम स्थित एक नामी कंपनी में एचआर अधिकारी बताया और मैनपावर सप्लाई के लिए अनुबंध किया।

आरोप है कि रूप कुमार सिंह ने 45 दिन में भुगतान का आश्वासन दिया, जिसके बाद अजय प्रताप सिंह ने तीन महीने तक लगातार सेवाएं दीं। इस दौरान करीब 31 लाख रुपये के बिल बने। हालांकि, आरोपित ने केवल लगभग 7.5 लाख रुपये आंशिक भुगतान के रूप में दिए, जिसमें कुछ नकद और डिमांड ड्राफ्ट शामिल हैं।

पीड़ित के अनुसार, जब वह भुगतान लेने के लिए गुरुग्राम स्थित कंपनी पहुंचा, तो पता चला कि आरोपी वहां नौकरी छोड़ चुका है और उनकी फर्म का कोई भी वेंडर कोड कंपनी में मौजूद नहीं है। साथ ही कोई बिल भी जमा नहीं किया गया था।

अजय प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि यह पूरी योजना सुनियोजित तरीके से की गई ठगी है, जिसमें ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए रकम हड़पी गई। उन्होंने पुलिस से मामले की गहन जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और बकाया धनराशि दिलाने की मांग की है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *