पंतनगर में 119वां अखिल भारतीय किसान मेला
ऊधम सिंह नगर के पंतनगर स्थित गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में 13 से 16 मार्च तक 119वां अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। चार दिनों तक चलने वाले इस मेले में देशभर से किसान, कृषि विशेषज्ञ, विद्यार्थी और उद्यमी हिस्सा लेंगे।
मेले का औपचारिक उद्घाटन 14 मार्च को दोपहर 3 बजे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। इस अवसर पर नैनीताल-ऊधमसिंहनगर के सांसद अजय भट्ट तथा राज्य के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
चार दिवसीय किसान मेले का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि से जोड़ना और उन्हें नई तकनीकों की जानकारी देना है। मेले में किसानों को उन्नत किस्म के बीज, आधुनिक खेती की तकनीक, जैविक खेती के तरीके, कृषि आधारित उद्योगों और नई कृषि मशीनरी के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा विश्वविद्यालय द्वारा प्रकाशित कृषि संबंधी पुस्तिकाएं, पंपलेट और अन्य प्रकाशन भी मेले में उपलब्ध रहेंगे। इनमें से कुछ प्रकाशन किसानों को निःशुल्क दिए जाएंगे, जबकि कई प्रकाशन बेहद रियायती दरों पर उपलब्ध होंगे।
मेले में पशु विज्ञान संकाय की ओर से पशुपालकों को उन्नत नस्ल की गाय, भैंस और बकरी पालन की वैज्ञानिक जानकारी दी जाएगी। साथ ही किसानों को मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए मछली के बीज यानी फिंगरलिंग्स भी उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि किसान अपने क्षेत्रों में मत्स्य पालन को एक अतिरिक्त आय के स्रोत के रूप में विकसित कर सकें।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनमोहन सिंह चौहान के अनुसार हर वर्ष इस किसान मेले में बड़ी संख्या में किसान भाग लेते हैं। इस बार भी लगभग 18 से 20 हजार किसानों के पंजीकरण की संभावना है। इसके अलावा बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक और आम लोग भी मेले में पहुंचेंगे। ऐसे में प्रशासन और विश्वविद्यालय की ओर से सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं।



