₹28 लाख की धोखाधड़ी: पुलिस कांस्टेबल के साथ ठगी, डायनामिक गार्डन सिटी प्लॉट रजिस्ट्री मामले में बिल्डरों पर मुकदमा दर्ज, निवेशक से पैसा लेकर टालमटोल

Share the news

डायनामिक गार्डन सिटी प्लॉट रजिस्ट्री मामले में बिल्डरों पर मुकदमा दर्ज

रुद्रपुर, संवाददाता।

किच्छा रोड स्थित डायनामिक/गार्डन सिटी कॉलोनी में प्लॉट की रजिस्ट्री को लेकर सामने आए करोड़ों के लेनदेन से जुड़े मामले में अब पुलिस ने बिल्डरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली रुद्रपुर में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामला रियल एस्टेट में धोखाधड़ी और विश्वासघात से जुड़ा बताया जा रहा है।

मुकदमे के अनुसार, प्रार्थी ने वर्ष 2023 से पूर्व डायनामिक गार्डन सिटी में प्लॉट संख्या 189 बुक कराया था। पूरा भुगतान करने के बाद मार्च 2023 में कंपनी की ओर से अलॉटमेंट लेटर जारी किया गया। उस समय कॉलोनी को विकास प्राधिकरण और रेरा से स्वीकृत बताया गया था। किसी कारणवश उस समय प्रार्थी प्लॉट की रजिस्ट्री नहीं करा सका।

आरोप है कि बाद में कई बार संपर्क करने पर बिल्डर सुधीर गुलाटी और मनीष अग्रवाल ने रजिस्ट्री का आश्वासन दिया। करीब छह माह पूर्व सुधीर गुलाटी ने यह भरोसा दिलाया था कि यदि मार्च 2025 तक रजिस्ट्री नहीं हो पाती तो वर्तमान बाजार मूल्य या क्रय राशि का दोगुना धन वापस किया जाएगा। इसके बावजूद न रजिस्ट्री कराई गई और न ही धनराशि लौटाई गई। वर्तमान में दोनों बिल्डर फोन उठाना भी बंद कर चुके हैं।

मुकदमे में बताया गया है कि प्लॉट की कुल कीमत 28 लाख 11 हजार रुपये थी, जिसे प्रार्थी ने लोन लेकर और पुश्तैनी जमीन बेचकर दो व्यक्तियों के साथ मिलकर मकान निर्माण के उद्देश्य से खरीदा था। भुगतान के तहत 15 लाख रुपये RTGS के माध्यम से, 50 हजार रुपये फोन पे से और शेष 12 लाख 61 हजार रुपये नकद धीरज शर्मा व राजीव तिवारी के माध्यम से कंपनी को दिए गए।

पुलिस रिकॉर्ड में गवाहों के नाम और मोबाइल नंबर भी दर्ज किए गए हैं। शिकायत के आधार पर कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है। जांच के दौरान भुगतान से जुड़े दस्तावेज, अलॉटमेंट लेटर और रेरा स्वीकृति से संबंधित तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।

इस मामले के सामने आने के बाद रुद्रपुर क्षेत्र में रियल एस्टेट से जुड़े अन्य निवेशकों में भी चिंता बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *