काशीपुर। कोतवाली क्षेत्र के बाँसफोड़ान चौकी इलाके में शनिवार देर रात बिना अनुमति निकाले गए जुलूस के दौरान बड़ा उपद्रव हो गया। भीड़ ने पुलिस पर हमला बोलते हुए सरकारी वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। मौके पर तैनात पुलिस टीम ने मुख्य मास्टरमाइंड नदीम अख्तर सहित सात उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि कई अन्य की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, अल्लीखाँ चौक पर नदीम अख्तर ने करीब 400–500 लोगों के साथ सभा आयोजित की थी। सभा समाप्त होने के बाद भीड़ “I LOVE MOHAMMAD” के नारे लगाते हुए जुलूस निकालने लगी। पुलिस ने बिना अनुमति जुलूस निकालने पर रोक लगाई, लेकिन भीड़ ने आदेशों की अवहेलना कर पथराव शुरू कर दिया।
घटना को गंभीर मानते हुए व0उ0नि0 अनिल जोशी की तहरीर पर नदीम अख्तर समेत 400–500 अज्ञात लोगों के खिलाफ कोतवाली काशीपुर में FIR संख्या 417/25 धारा 190/191(2)/191(3)/232/121(1)/132/221/324(3)/351(2)/352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी व मोबाइल फुटेज खंगालने और उपद्रवियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। विशेष पुलिस टीमों ने अब तक सात अभियुक्तों को पकड़ा है, जिनमें नदीम अख्तर, मौ. अशद, कामरान, मोईन रजा और दानिश अली शामिल हैं। दस अन्य लोगों से पुलिस हिरासत में पूछताछ की जा रही है।
प्रशासन ने इलाके में धारा 163 बीएनएसएस लागू करने की सिफारिश की है। साथ ही अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कहा कि पुलिस पर हमला करने वाले किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आमजन से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की।




