पूर्व विधायक पर बीजेपी कार्यकर्ता से मारपीट का आरोप, ठुकराल ने बताया साजिश
रुद्रपुर, संवाददाता
रुद्रपुर में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल एक नए विवाद में घिर गए हैं। रम्पूरा निवासी भाजपा कार्यकर्ता ने उन पर मारपीट, जातिगत टिप्पणी और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। कार्यकर्ता ने रम्पूरा चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़ा है और पूर्व में ठुकराल के साथ काम कर चुका है। आरोप है कि विधानसभा चुनाव 2022 में टिकट न मिलने के बाद ठुकराल ने राजनीतिक रंजिश के चलते उसके साथ दुश्मनी रखी।
कार्यकर्ता का कहना है कि 5 अक्टूबर की रात रम्पूरा में आयोजित एक जागरण के दौरान रास्ते में वाहन साइड को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान पूर्व विधायक, उनके भाई और एक अन्य व्यक्ति ने गाली-गलौच कर थप्पड़ मारे तथा भीड़ के सामने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मौके पर भीड़ जुटने पर आरोपी वहां से चले गए।
इनसेट:
पूर्व विधायक ठुकराल बोले— मुझे जान का खतरा, छवि धूमिल करने की साजिश
आरोपों के बाद राजकुमार ठुकराल भी रम्पूरा चौकी पहुंचे और अपनी सफाई दी। उन्होंने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीतिक षड्यंत्र बताया। ठुकराल ने कहा कि घटना की रात उनके ड्राइवर ने ही संबंधित युवकों के खिलाफ तहरीर दी थी, जिसमें उनके साथ अभद्रता और तमंचा लहराने का आरोप है। उन्होंने बताया कि कुछ लोग राजनीतिक संरक्षण में उनकी छवि खराब करने और उन्हें नुकसान पहुंचाने की साजिश रच रहे हैं। ठुकराल ने एसएसपी मणिकांत मिश्रा को मामले की जानकारी देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।


